कुरुक्षेत्र 13 जून --कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के इतिहास में पहली बार आयोजित होने जा रही वर्चुअल रैली को लेकर कुरुक्षेत्र जिला की भाजपा टीम की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं ताकि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता और आमजन इस वर्चुअल रैली का हिस्सा बन सके। कुरुक्षेत्र जिले से 20 हजार से अधिक लोगों को इस वर्चुअल रैली से जोडने की व्यवस्था की गई है। सांसद नायब सिंह सैनी ने शनिवार को बातचीत करते हुए कहा कि इस वर्चुअल रैली में जहां 11 जिलों के 1 लाख से अधिक नेता, कार्यकर्ता व आमजन, जिनमें भाजपा के सांसद, विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता सीधे तौर पर रैली में संवाद से जुड़े रहेंगे वहीं आमजन सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों फेसबुक, टवीटर, यूटयूब इत्यादि पर लिंक के माध्यम से इस वर्चुअल रैली का हिस्सा बनेंगे।
भाजपा के जिला महामंत्री रविन्द्र सांगवान ने बताया कि जो लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करते वे लोग केबल टीवी व फास्टवे केबल चैनल के माध्यम से इस वर्चुअल रैली में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि रविवार 14 जून को प्रात: 11 बजे ये वर्चुअल रैली आरंभ होगी जिसमें केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर, भाजपा के प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला केन्द्र सरकार-2 के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर वर्षभर में लिए गए जनहित निर्णयों व अन्य उपलब्धियों पर संबोधन देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कुरुक्षेत्र की हर बूथ के ऊपर पन्ना प्रमुख तक की इकाई गठित है। सभी कार्यकर्ता और सभी नेता भाजपा के सांसद नायब सैनी, जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर, मंत्री संदीप सिंह, विधायक सुभाष सुधा, डॉ पवन सैनी, कृष्ण बेदी, धुम्मन सिंह किरमच, धर्मवीर डागर, कुरुक्षेत्र जिला की आईटी सोशल मीडिया के संयोजक गौरव भट्ट व सह संयोजक विक्रम शर्मा व उनकी टीम सभी रैली की तैयारियों में लगे हुए हैं। कल 11 बजे के लिए सभी तैयारी पूरी हैं।
भाजपा के जिला आईटी सोशल मीडिया प्रमुख गौरव भट्ट ने बताया कि भाजपा जिला की आईटी टीम हर बूथ पर गठित है। पिछले 10 दिनों से आईटी टीम सोशल मीडिया पर व बूथ के ऊपर हर व्यक्ति को इस रैली से जोडऩे के लिए लिंक पहुंचाने में लगी हुई है और हर बूथ पर जो लोग सोशल मीडिया ने नहीं जुड़ सकते उनके लिए एलईडी की भी कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था की है। जिला आईटी सोशल मीडिया सह संयोजक विक्रम शर्मा के अनुसार कुरुक्षेत्र जिला के अंतर्गत चारों विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ-साथ आमजन को इस वर्चुअल रैली में शामिल करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने भी दावा किया कि अकेले कुरुक्षेत्र जिले से 20 हजार से अधिक लोग इस रैली से जुड़ेंगे।