कुरुक्षेत्र 22 मई विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि विधानसभा कमेटियों में गैर हाजिर रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर शिंकजा कसना चाहिए, क्योंकि अधिकारियों की गैर हाजिरी से कमेटी जनहित के कार्यो को अमलीजामा नहीं पहना सकती। इन अधिकारियों की वजह से कार्य समय पर नहीं हो पाते, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विधायक सुभाष सुधा ने शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के समक्ष यह सुझाव रखा है। इससे पहले विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने विधायक सुभाष सुधा से कोरोना वायरस के दौरान शहर में किए गए कार्यों, धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी, जरुरतमंद लोगों तक घर-घर में खाना पहुंचाने तथा कोरोना योद्घाओं को सम्मान देने जैसे विषयों पर फीडबैक रिपोर्ट हासिल की है, इतना ही नहीं इस वीसी में जब विस अध्यक्ष फीडबैक ले रहे थे, उसी समय शाहबाद के विधायक रामकरण काला ने स्वयं कोरोना वायरस के दौरान जरुरतमंद लोगों की दिन रात सेवा करने पर विधायक सुभाष सुधा के अथक प्रयासों की जमकर प्रशंसा भी की है।
विधायक ने कोरोना वायरस के दौरान किए गए कार्यों की फीडबैक देते हुए कहा कि लॉकडाउन के दौरान शहर की धार्मिक और समाज सेवी संस्थाओं ने बिना किसी आग्रह के अपनी इच्छाओं से संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने जरुरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए दिन-रात सरकार और प्रशासन का सहयोग किया। इन संस्थाओं के सहयोग से छटी पातशाही गुरुद्वारा में सांझा चुल्हा स्थापित किया गया और यहां से रोजाना 25 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध करवाया गया। इस भोजन को संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने जरुरतमंद लोगों को घर-घर जाकर उपलब्ध करवाया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के दौरान कुरुक्षेत्र के सफाई कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, मीडिया कर्मियों ने कोरोना योद्घाओं की भूमिका अदा की है। इन सभी कोरोना योद्घाओं को अलग-अलग समय पर सम्मानित भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में छूट मिलने पर कुरुक्षेत्र में बाहर से आने वाले लोगों के कारण कोरोना वायरस के पॉजिटिव केसों की संख्या एकाएक बढ़ रही है। इनमें से अधिकतर लोग दूसरे राज्यों से आए है। इसलिए सरकार को इस विषय पर संझान लेना चाहिए। इस जिला कुरुक्षेत्र में स्थानीय कोई भी व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं है। केवल बाहरी लोगों के कारण कुरुक्षेत्र में पाजिटिव केसों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अभी भी कुछ सख्त कदम उठाने की जरुरत है ताकि व्यापार और राजस्व को बढ़ाने के साथ-साथ कोरोना वायरस के संक्रमण को रोका जा सके।