कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरी दुनिया में लॉकडाउन की स्थिति है। भारत में अभी भी 17 मई तक पूरी तरह से लॉकडाउन है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी एडवाइज़री में Covid-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही इम्यून सिस्टम को भी स्ट्रॉन्ग रखने के लिए कहा गया है। ऐसे में सभी लोग अपनी सेहत पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। खासकर इम्यून सिस्टम को लेकर लोग अधिक सजग हैं।
1. त्रिफला जूस
त्रिफला एक आयुर्वेदिक औषधि है। इसमें अमलकी, बिभीतक और हरितकी पाए जाते हैं जिनसे दवा बनाई जाती है। इसके साथ ही इसमें फिनोल, टैनिन, गैलिक एसिड, टेरपेन और फ्लेवोनोइड जैसे यौगिक भी पाए जाते हैं, जो इम्यून के लिए बहुत लाभकारी होते हैं।
त्रिफला में एंटी इंफ्लामेटरी और एंटी-ऑक्सीडेंट के गुण भी पाए जाते हैं जो इंफ्लामेटरी संबंधित रोगों को दूर करने में बहुत ही कारगर साबित होता है। अगर आप रोज़ाना सुबह त्रिफला जूस का सेवन करते हैं तो आपका इम्यून सिस्टम मज़बूत होगा। यह शुगर, असमय बालों के गिरने और पेट की चर्बी को कम करने में भी बहुत लाभकारी होता है।
2. अदरक जूस
आयुर्वेद में अदरक का बहुत इस्तेमाल किया जाता है। यह एक ऐसा मसाला है जो आपको हर घर के किचन में आसानी से मिल जाएगा। इसका न केवल स्वाद अच्छा होता है बल्कि इसमें कई आयुर्वेदिक गुण भी पाए जाते हैं जो बीमारियों से लड़ने में हमारी मदद करते हैं। इसमें पाए जाने वाला जिंजेरोल प्रमुख कंपाउड है। अगर आप गले की ख़राश, सर्दी और ज़ुकाम से निजात पाना चाहते हैं तो आपको अदरक की चाय ज़रूर पीनी चाहिए। इससे इम्यून सिस्टम बेहतर होता है। एक स्टडी से पता चला है कि अगर वर्क आउट के बाद अदरक की चाय का सेवन करते हैं तो यह मांसपेशियों के दर्द में काफी आराम मिलता है।
3. तुलसी की चाय
तुलसी को भारत में प्रमुख आयुर्वेदिक औषधि माना जाता है। विषेशज्ञों का कहना है कि इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लामेटरी, एंटी-डायबेटिक, एंटी-अर्थराइटिस, इम्यूनोमॉड्यूलेटरी के गुण पाए जाते हैं। इसके सेवन से ग्लूकोज़ मेटाबॉलिज़्म बेहतर होता है जबकि जोड़ो की सूजन भी कम करता है। यह मानसिक तनाव को दूर करता है। इसके लिए आप तुलसी की चाय का सेवन कर सकते हैं।
4. मेथी दाना
ज़्यादातर लोग मेथी दाने का उपयोग सब्ज़ी में करते हैं। यह न सिर्फ सेहत के लिए वरदान है बल्कि इसमें एंटी-इंफ्लामेटरी गुण भी पाए जाते हैं। इसके सेवन से आप अपना इम्यून सिस्टम बेहतर कर सकते हैं। अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं तो रोज़ाना सुबह खाली पेट मेथी का पानी पीएं। इसके लिए एक गिलास पानी में 2 चम्मच मेथी डाल दें और अगली सुबह मेथी को अलग कर पानी पी जाएं।
5. धनिया पानी
धनिया सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। प्राचीन समय से ही भारतीय व्यंजनों में धनिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें एंटीऑक्सिडेंट्स जैसे गुण पाए जाते हैं जो रक्त शर्करा के स्तर और पाचन क्रिया को नियंत्रित करते हैं। यह न केवल इम्यूनिटी को बढ़ाता है, बल्कि हृदय रोग और संक्रमण से भी बचाता है।