दूरदर्शन पर प्रसारित हुए रामायण के आज के एपिसोड में बुराई पर अच्छाई की जीत हो चुकी है। भगवान राम ने रावण का वध कर दिया है। सुबह से ही सोशल मीडिया पर #रामायण ट्रेंड कर रहा है। भगवान राम और रावण का युद्ध रामायण का बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में लोगों ने बड़े ही चाव से इसे देखा।
इस बीच रामायण में राम और रावण का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और अरविंद त्रिवेदी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह तस्वीर शायद राम-रावण का युद्ध सीक्वेंस शूट करने से पहले का है। जिसमें दोनों एक दूसरे से हाथ मिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर दोनों की ये तस्वीर खूब पसंद की जा रही है। एक ने लिखा- रामायण के शूटिंग के दौरान पर्दे के पीछे की ये तस्वीर मनोरम है।
अब तक आपने रामायण में देखा भगवान राम और रावण के बीच घमासान युद्ध चला, राम जैसे ही रावण के शीश काटते एक नया शीश रावण के पास आ जाता। राम ने रावण के दस सिरों और भुजाओं में दस-दस बाण मारे लेकिन वे फिर वापस आ गए। इसके बाद विभीषण ने भगवान श्रीराम को रावण के नाभि में मौजूद अमृत के बारे में बताया और उस पर प्रहार करने को कहा। इसके बाद ही रावण का अंत संभव हो सका।
रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण में लंकापति रावण का रोल निभाकर अरविंद त्रिवेदी ने खासी लोकप्रियता बटोरी थी। रावण के रोल ने उन्हें इस कदर सफलता की बुलंदियों पर पहुंचाया कि लोग उन्हें असल जिंदगी में रावण समझने लगे थे।