मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने किया शिल्प व सरस मेले का शुभारम्भ, क्राफ्ट व सरस मेले में विभिन्न राज्यों से शिल्पकारों ने की शिरकत, विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश की संगीत और स्वर लहरियों से किया मेहमानों का स्वागत, मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा, उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने किया शिल्प व सरस मेले का अवलोकन
कुरुक्षेत्र 23 नवम्बर हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा की पावन धरा धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र से एक बार फिर पवित्र ग्रन्थ गीता के उपदेश पूरे विश्व में गुंजेंगा। इन संदेशों में ही पूरे विश्व का सार समाहित है। इन पवित्र उपदेशों को पूरी दुनिया तक पहुंचाने के लिए वैश्विक गीता पाठ का आयोजन फिर से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में किया जा रहा है। मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा शनिवार को ब्रहमसरोवर के पावन तट पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 के शिल्प और सरस मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत बोल रही थी।
इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 के शिल्प और सरस मेले का आगाज आचार्य नरेश कौशिक व 21 ब्राहमणों द्वारा किए गए मंत्रौच्चारण और शंख की सुरीली गूंज के साथ मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा, उपायुक्त डा. एसएस फुलिया, पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी, एडीसी पार्थ गुप्ता, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक एवं सीईओ केडीबी गगनदीप सिंह ने किया। इस सरस व शिल्प मेले में विभिन्न राज्यों की शिल्पकला को देखकर सभी मेहमान गदगद हो गए। मुख्य सचिव ने जैसे ही सरस व शिल्प मेले का शुभारम्भ किया, उसी समय विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश के संगीत और वाद्य यंत्रों से निकली सुर और ताल ने ब्रहमसरोवर की फिजा ही बदल दी। मुख्य सचिव ने अपने सम्बोधन में कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से चौथी बार गीता जयंती को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के रुप में मनाया जा रहा है। इस महोत्सव का प्रचार-प्रसार विश्वस्तर पर किया गया है और विदेशी सैलानी भी इस महोत्सव का आनंद लेने के लिए पहुंचेंगे।